जागरण संवाददाता, बांदा। बिसंडा थाना के ग्राम चौसड़ में शनिवार रात ससुर राजकरण ने अवैध संबंध के चलते अपनी बेवा बहू 42 वर्षीया विद्या व उसके पड़ोसी प्रेमी 45 वर्षीय राममनोहर पर लोहे की सांग से हमला कर दिया। हमले में प्रेमी की मौत हो गई, जबकि बहू गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस ने घायल विद्या को सीएचसी अतर्रा पहुंचाया। जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत देखकर उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज के अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने आरोपित ससुर राजकरण को गिरफ्तार कर लिया है।
ससुर के मुताबिक चौसड़ गांव निवासी विद्या के पति कल्लू वर्मा की करीब तीन वर्ष पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद विद्या का पड़ोसी राम मनोहर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों बीते एक वर्ष पहले घर से भाग गए थे। जिसके बाद राममनोहर की पत्नी रीता बच्चों के साथ हरियाणा मजदूरी करने चली गई थी। अभी दस दिन पहले ही राममोहन बेवा विद्या के साथ गांव वापस आया था और राममनोहर के घर में दोनों रहते रहे हैं।
एएसपी शिवराज ने बताया कि हत्यारोपित ससुर से पूछताछ की जा रही है। राममनोहर के स्वजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
