आंचल द्विवेदी | गोरखपुर8 दिन पहले
- कॉपी लिंक

गोरखपुर में पुरानी रंजिश को लेकर पालतू कुत्ते से कटवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने जानबूझ कर कुत्ते को पीछे छोड़ा और हमला करवा दिया। पीड़ित व्यक्ति चिल्लाते हुए अंदर भागा। विरोध करने पर आरोपियों ने पति- पत्नी को घर में घुस कर लात- घूसो से पीटा।
घटना रामगढ़ ताल थाना क्षेत्र का है। पत्नी के तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया। शनिवार को उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की गई। आगे की कार्रवाई जारी है।
जानिए पूरा मामला… कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक-J निवासी मंजुला देवी (पत्नी संजय यादव) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कॉलोनी के ही ब्लॉक-K में रहने वाले मेघनाथ के परिवार से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि 16 नवंबर की रात करीब 10 बजे मेघनाथ की पत्नी शर्मिला ने उनके पति संजय को कटवाने के मकसद से अपना कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते के हमला करते ही संजय चिल्लाते हुए जान बचाकर अपने घर के अंदर भागे।
घर में घुसकर की तोड़फोड़ और मारपीट पीड़िता के मुताबिक, इसके तुरंत बाद शर्मिला, उसका पति अजय उर्फ मेघनाथ और बेटा चंदन ललकारते हुए उनके घर में घुस आए और जमकर हंगामा किया। जब मंजुला देवी और उनके पति ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने दोनों को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। दबंगों ने धमकी दी कि अगर थाने में शिकायत की, तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे।
कॉलोनी में दबदबा बनाने के लिए पहले भी कर चुके हैं विवाद मंजुला देवी ने बताया कि घटना के वक्त उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी आरोपी बेखौफ होकर जान से मारने की धमकी देते रहे, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि ये लोग मनबढ़ किस्म के हैं और कॉलोनी में अपना दबदबा बनाए रखने के लिए पहले भी कई बार विवाद कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

