Azamgarh News: आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। जनपद के प्रशासनिक न्यायमूर्ति (इलाहाबाद हाईकोर्ट) अब्दुल मोइन ने शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर का मुआयना किया। न्यायालय पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। इसके बाद उन्होंने न्यायिक कार्यप्रणाली और परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत में न्यायमूर्ति अब्दुल मोइन सबसे पहले ‘हॉल ऑफ जस्टिस’ पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद न्यायाधीश जयप्रकाश पांडेय और अन्य न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे और न्यायमूर्ति से मुलाकात कर सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना।
Biharsharif News: व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, वकीलों के लिए बनेगा बाइक स्टैंड
दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने न्यायमूर्ति के मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्राइब्यूनल (MACT) कोर्ट को मुख्य दीवानी न्यायालय परिसर में ही स्थापित किए जाने का मुद्दा उठाया। जिससे अधिवक्ताओं और वादकारियों को हो रही अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल सके। इसके अलावा संघ के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने साइकिल स्टैंड और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की। न्यायमूर्ति ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उनसे मिलने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता स्वामीनाथ यादव, हरिवंश यादव, रफीक अहमद, दशरथ यादव, एनबी राय, ओमप्रकाश सिंह, दयाशंकर मिश्रा, राजीव सिंह, प्रदीप सिंह, संजय सिंह आदि शामिल थे। अपने दौरे के क्रम में न्यायमूर्ति ने न्यायालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया और न्यायिक कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली व व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश जयप्रकाश पांडेय, अपर जिला जज कमलापति, अजय श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह सहित समस्त न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
