बलिया में चाइल्ड केयर सेंटर से 16 वर्षीय मूक-बधिर किशोरी के लापता होने का मामला सामने आने के बाद बुधवार को जन जनवादी पार्टी के सदस्य जिला कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। लापता किशोरी पुतुल कुमारी के पिता परमेश्वर महतो का आ

.

18 सितंबर को बिहार से लापता हुई थी पुतुल

परमेश्वर महतो ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी पुतुल कुमारी न बोल सकती है और न सुन सकती है। वह 18 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे उनके घर रामदासपुर, थाना गोरौल, जिला वैशाली, बिहार से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो स्थानीय थाने में सूचना दी गई। मामले में 19 सितंबर को केस दर्ज कराया गया।

इंस्टाग्राम वीडियो से बलिया में होने की जानकारी मिली

परमेश्वर के मुताबिक, 20 सितंबर को उन्हें इंस्टाग्राम पर बेटी का एक वीडियो दिखाई दिया। वीडियो देखकर उन्होंने पहचान लिया कि उसमें उनकी ही बेटी पुतुल है। उन्होंने वीडियो अपलोड करने वाले व्यक्ति से संपर्क किया और उसका मोबाइल नंबर लिया। बातचीत में उसे बताया गया कि बच्ची सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर मिली थी और उसे बैरिया थाने ले जाया गया था।

इसके बाद परमेश्वर ने बैरिया थाना प्रभारी से मोबाइल पर बात की। उनके मुताबिक, थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची को सुबह करीब 3 बजे बलिया स्थित वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया गया था।

फोटो से बेटी की पहचान, कागजात लेकर बुलाया गया

परिजनों ने इसके बाद चाइल्ड हेल्थ केयर लखनऊ से संपर्क किया। वहां से उन्हें बलिया चाइल्ड हेल्थ केयर के प्रोजेक्ट मैनेजर का नंबर मिला। बातचीत में प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि बच्ची उनके पास है और वह सुन-बोल नहीं सकती है। इसके बाद परिजनों ने व्हाट्सएप के जरिए बच्ची की फोटो मंगवाई। फोटो देखकर उन्होंने पुष्टि की कि वह उनकी बेटी ही है।

परिजनों ने वीडियो कॉल पर बच्ची को दिखाने का अनुरोध किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि फोटो भेज दी गई है और बच्ची की पहचान हो गई है। उसे लेने के लिए आधार कार्ड, FIR की कॉपी, प्रधान या जिला प्रधान के लेटर पैड पर सत्यापन की कॉपी और एक-दो गवाहों के साथ जिला अस्पताल के सामने स्थित चाइल्ड हेल्थ केयर बलिया आने को कहा गया।

सेंटर पहुंचने पर बताया- सुबह ही भाग गई बच्ची

पिता के मुताबिक, वह परिवार के लोगों के साथ 20 सितंबर की शाम करीब 7:40 बजे चाइल्ड हेल्थ केयर सेंटर पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि पुतुल सुबह करीब 10 बजे ही सेंटर से भाग गई थी। कर्मचारियों ने बताया कि वह अंदर नहा रही थी और रोशनदान के रास्ते बाहर निकल गई।

परमेश्वर ने रोशनदान से किशोरी के निकलने की बात पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उन्हें घटना के बारे में अलग-अलग और असंगत जानकारी दी गई। उनका यह भी आरोप है कि बच्ची के गायब होने की सूचना तत्काल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस को नहीं दी गई, जबकि उसकी सुरक्षा के लिए एक महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद थी।

परिजनों के अनुसार, रात करीब 11 बजे उन्होंने 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली एसएचओ, अन्य पुलिसकर्मी और 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अभी तक किशोरी का पता नहीं चल सका है। पिता ने बेटी को जल्द बरामद कर परिवार को सौंपने की मांग की है।

दो कार्मिकों पर FIR, एक की सेवा समाप्ति की कार्रवाई

जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र पौत्सयान ने बताया कि मामले में महिला कल्याण विभाग और पुलिस विभाग के दो कार्मिकों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। महिला कल्याण विभाग की कार्मिक शिल्पा की सेवा समाप्ति के लिए पत्र भेजा गया है। वहीं पुलिस कार्मिक रीमा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link