रनजीत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2027 के तहत रविवार को जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में दूसरा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदेय स्थलों पर हेल्प डेस्क लगाकर फार्म-6, 7 और 8 प्राप्त किए।

सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले अभियान में कुल 8504 फॉर्म प्राप्त हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी मौजूद रहे।

उन्होंने पात्रों को नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के आवेदन लिए और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।

दादरी विधानसभा क्षेत्र में मिले सबसे अधिक फॉर्म 

अभियान में सबसे ज्यादा फार्म दादरी विधानसभा क्षेत्र से मिले। यहां फॉर्म-6 के 2612, फॉर्म-7 के 404 और फॉर्म-8 के 948 आवेदन प्राप्त हुए।

नोएडा विधानसभा में फॉर्म-6 के 1571, फॉर्म-7 के 313 और फॉर्म-8 के 776 फॉर्म मिले। वहीं जेवर विधानसभा में फॉर्म-6 के 1513, फॉर्म-7 के 77 और फॉर्म-8 के 290 फॉर्म प्राप्त किए गए।

जिले में मिले कुल फॉर्म छह- 5696

फॉर्म सात-794

फॉर्म आठ- 2014

किस लिए कौन सा फार्म भरें :

फॉर्म छह- नए नाम जोड़ने के लिए।

फॉर्म सात- डुप्लीकेट और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाने के लिए।

फॉर्म आठ -विवरण में सुधार व स्थान परिवर्तन के लिए भरा जाता है।

खुद आनलाइन भी भर सकते हैं फॉर्म 

जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने अपील की है कि ऐसे मतदाता जो तकनीकी ज्ञान रखते हैं और बूथ घर से दूरी पर है वह आनलाइन भी फार्म भर सकते हैं। इसके लिए ईसीआइ नेट मोबाइल एप और आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से भी आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।



Source link