भरतकूप थाना क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों ने एक-दूसरे पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामला पेशबंदी का लग रहा है। पहले पक्ष ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात सितंबर की रात वह रिश्तेदारी में गया था। घर में उसकी पुत्री और मूकबधिर पुत्र मौजूद थे।

आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही तीन लोग तमंचा लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और घर में रखे करीब दो लाख रुपये के जेवर और 10 हजार नकदी लूटकर फरार हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष की महिला ने भी थाने में तहरीर देकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि छह सितंबर की रात को दो युवक उसके घर में घुस आए और उसके साथ वारदात को अंजाम दिया।

एक ही गांव में दो दिन के भीतर दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर इस तरह के गंभीर आरोप लगाए जाने से गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना प्रभारी विनोद राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। दोनों मामलों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश और पेशबंदी का प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। दोनों पक्षों के मेडिकल और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *