जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। ईवीएम के प्रति मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल वैन चलेंगी तो राजनीतिक विज्ञापनों का प्रसारण मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) के पूर्व प्रमाणन के बाद ही हो सकेगा।

सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों और अफवाहों की निगरानी के साथ पेड न्यूज पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा। शुक्रवार को गोरखपुर में दूसरे दिन भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में आजमगढ़ और विंध्याचल मंडल के छह जिलों की तैयारियों को परखा गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा और आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र के अधिकारियों ने निर्वाचन प्रबंधन योजना, कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, मतदान और मतगणना की तैयारियों का ब्योरा प्रस्तुत किया। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों और कार्मिकों के प्रशिक्षण की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश दिए।

फॉर्म-17सी की प्रक्रिया समझेंगे राजनीतिक दल, ईवीएम का होगा प्रचार

मतदान में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पीठासीन अधिकारियों के प्रशिक्षण में फॉर्म-17सी के भाग-एक को सही ढंग से भरने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारी दर्ज मतों का पूरा लेखा तैयार करेंगे और मतदान केंद्र पर मौजूद प्रत्येक मतदान अभिकर्ता को इसकी सत्यापित प्रति देकर पावती लेंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी इस प्रक्रिया, फॉर्म-17सी के उद्देश्य और उसमें दर्ज होने वाले विवरण की जानकारी दी जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी होने के बाद 20 नवंबर से सभी जिला और तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र संचालित हो रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल जागरूकता वैन गांवों, मोहल्लों और मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगी। इनके माध्यम से ईवीएम से मतदान और वीवीपैट में लगभग सात सेकंड तक दिखाई देने वाली पर्ची से मत की पुष्टि करने की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।

मतदाता जागरूकता और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए सभी शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) दिवस मनाया जाएगा। इसके अलावा मतदाता सूचना पर्ची का समय से वितरण और प्रचार सुनिश्चित किया जाएगा। सेवा मतदाताओं को ईटीपीबीएस के माध्यम से डाक मतपत्र की सुविधा मिलेगी।

सोशल मीडिया और चुनावी खर्च पर नजर, बुजुर्गों को घर से मतदान की सुविधा

निर्वाचन के दौरान सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई होगी। भ्रामक खबरों, अफवाहों और आपत्तिजनक सामग्री का तथ्य सत्यापन कर उनका खंडन किया जाएगा। राजनीतिक विज्ञापनों का एमसीएमसी से पूर्व प्रमाणन अनिवार्य होगा। समिति के सदस्यों को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मीडिया प्रतिनिधियों के साथ कार्यशालाएं आयोजित कर पेड न्यूज की पहचान और विज्ञापन संबंधी नियमों की जानकारी भी दी जाएगी। चुनावी आचार संहिता और व्यय संबंधी उल्लंघनों की शिकायत के लिए सी-विजिल ऐप तथा उम्मीदवारों की सुविधा के लिए सुविधा ऐप का प्रचार किया जाएगा।

85 वर्ष एवं उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान की सुविधा मिलेगी। इसके लिए पात्र मतदाताओं को समय से फॉर्म-12डी उपलब्ध कराया जाएगा। पहले ही पात्र मतदाताओं का आकलन कर मतदान दल गठित किए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए कतार में बैठने को कुर्सी-बेंच तथा पर्दानशीं महिलाओं की पहचान के लिए महिला मतदान कार्मिकों की व्यवस्था होगी।

सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं, संपर्क मार्ग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। क्रिटिकल और वल्नरेबल मतदान केंद्रों की पहचान, सुरक्षा और सीमावर्ती जिलों के साथ समन्वय पर भी जोर दिया गया। वीवीपैट पर्चियों की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रतिदिन श्रेडिंग और बाद में नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। पेपर रोल सुरक्षित और सीलनमुक्त स्थान पर रखे जाएंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में युवाओं और महिलाओं समेत किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में छूटने न देने के निर्देश दिए। अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं के साथ दोहरी प्रविष्टियों का सत्यापन कर नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।

प्रदेश के सभी 75 जिलों में हेल्पलाइन-1950 सक्रिय है। इसके अलावा एनजीएसपी और बुक-ए-कॉल विद बीएलओ से मिली शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण होगा। मतदाता पहचान पत्रों की छपाई और वितरण शुरू हो चुका है। डाक विभाग के माध्यम से इन्हें पहुंचाया जाएगा। मतगणना के बाद इंडेक्स कार्ड 72 घंटे के भीतर प्रकाशित कराने और मतदान व मतगणना केंद्रों की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें- 29 नवंबर को सीएम योगी आएंगे गोरखपुर, जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ तैयारियों को लेकर की बैठक

आयोग अब तक मेरठ में 18, आगरा में 21 और गोरखपुर में 17 जिलों की तैयारियों की समीक्षा कर चुका है। गुरुवार को गोरखपुर में तीन मंडलों के 11 जिलों और शुक्रवार को दो मंडलों के छह जिलों की समीक्षा हुई। शेष चार मंडलों के 19 जिलों की समीक्षा दिसंबर के पहले सप्ताह में लखनऊ में होगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर की राजनीति में बड़ा उलटफेर: विश्वजीत त्रिपाठी की सपा में वापसी, जलभराव पर रवि किशन से हुआ था विवाद



Source link