Chhath Festival: Devotees offer arghya to the setting sun and pray for the long life of their children

छठ पर्व 2026
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

छठ पर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य पर निर्जला व्रतियों ने अस्त होते सूर्य की उपासना कर संतान की दीर्घायु और स्वास्थ्य लाभ की कामना की। विभिन्न घाटों पर बनी वेदियों के सामने पानी में खड़े होकर व्रती महिलाओं ने सूर्य काे अर्घ्य दिया। इस मौके पर कई महिलाओं ने गन्ने से कोसी को भरकर मन्नत उतारी। नवविवाहिताएं शादी के बाद पहली छठ पूजा करने के लिए मायके आईं। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने वालों में अधिक संख्या महिलाओं की रही पर पुरुषों ने भी पूजा की।


महिलाएं छठ पूजा के लिए विशेष प्रसाद ठेकुआ, चावल के लड्डू (कचवनिया) बनाकर घाटों पर आईं। बांस की टोकरी दउरा में प्रसाद, फल डालकर देवकारी में रखा गया। पूजा के बाद सूप में नारियल, पांच प्रकार के फल और पूजा का अन्य सामान दउरा में रख कर पुरुष अपने हाथों से उठाकर छठ घाट तक लाए। महिलाएं छठ गीत गाती रहीं। नए दीपक, बत्तियां व घी ले जाकर घाट पर दीपक जलाए गए।

अर्मापुर, पनकी, नमक फैक्टरी, शास्त्रीनगर, किदवईनगर, सीटीआई नौबस्ता समेत महानगर के विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के लिए घाट बनाए। जहां नहर नहीं थी, वहां कृत्रिम घाट बनाकर डूबते सूर्य को निर्जला व्रतियों ने अर्घ्य दिया। नरवल तहसील क्षेत्र के ड्योढी गंगा घाट पर व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। ड्योढ़ी और नजफगढ़ गंगा घाट पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। शाम को घाटों पर बनी वेदी पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। परिसर जय छठी मइया के जयकारों से गूंजता रहा।



Source link