= मोनू यादव के पिता अजय यादव को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित, सुपारी लेकर बेटे से कराई थी हत्या

= 15 दिन बाद भी पुलिस नहीं लगा सकी सुराग

संवाद न्यूज एजेंसी

उरई। कालपी बार संघ अध्यक्ष हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े होने लगे हैं। हत्याकांड के मुख्य आरोपी मोनू यादव की गिरफ्तारी के बाद भी उसका पिता अजय यादव पुलिस की पकड़ से दूर है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है। हत्याकांड में अजय की भूमिका को अहम माना जा रहा है। आरोप है कि उसने इंद्रजीत यादव के साथ मिलकर हत्या की सुपारी ली थी और वारदात को अंजाम देने के लिए अपने बेटे मोनू को तैयार किया था।

कालपी बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मोनू यादव की मुठभेड़ के बाद पुलिस ने राहत की सांस जरूर ली, लेकिन अजय यादव की गिरफ्तारी अब भी चुनौती बनी हुई है। पुलिस की जांच में उसकी भूमिका को लेकर कई अहम बिंदु सामने आए हैं। इसके बावजूद वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा है।

हत्याकांड में एक-एक कर आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस व्यक्ति पर सुपारी लेने और अपने बेटे को हत्या के लिए तैयार करने का आरोप है, वह आखिर पुलिस की पहुंच से बाहर कैसे है? तीन टीमें लगाए जाने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी न होना पुलिस की रणनीति और मुखबिर तंत्र पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

अजय यादव की गिरफ्तारी से हत्याकांड की साजिश, सुपारी की रकम और वारदात से पहले की तैयारियों से जुड़े कई राज खुल सकते हैं। सीओ सदानंद सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगीं हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link