कासगंज के अमांपुर थाना क्षेत्र में ग्राम रानामऊ के जंगल में बुधवार देर रात पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मौके से तीन गो-तस्करों को गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
अमांपुर थाना पुलिस की टीम बुधवार की देर रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहनपुर रोड स्थित ग्राम रानामऊ के जंगल में कुछ लोग गोकशी की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर कांबिंग शुरू की। खुद को पुलिस से घिरता देख तस्करों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक तस्कर जाविद निवासी इंदिरानगर पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा।
इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मौके से उसके दो अन्य साथियों आलेहसन और मशरूम निवासी राजीवनगर को भी गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 315 बोर के 03 तमंचे, 03 कारतूस, 01 क्विंटल गोमांस, मांस काटने के उपकरण तथा 01 मोटरसाइकिल बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस तीनों तस्करों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई कर रही है।
