आगामी जनगणना प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट किया गया है कि नागरिकों को किसी भी प्रकार का दस्तावेज जमा करने या ऑनलाइन अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी। चाहे आप स्वयं ऑनलाइन स्वगणना करें या फिर प्रगणक आपके घर आकर विवरण भरें, किसी भी स्थिति में आधार कार्ड या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने की जरूरत नहीं है। केवल मकान और परिवार से संबंधित जानकारी देना पर्याप्त होगा।
जनगणना का पहला चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा। इसके पहले 7 से 21 मई तक स्वगणना की प्रक्रिया होगी। इसके तहत se.census.gov.in पोर्टल पर परिवार के मुखिया को मोबाइल नंबर से लॉगिन कर विवरण भरना होगा। फॉर्म भरने के बाद एक आईडी मिलेगी जिसे प्रगणक को देना होगा जो लोग ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे उनके फॉर्म खुद प्रगणक घर पहुंचकर भरेंगे।
ये भी पढ़ें – सुबह नौ बजे अंधेरे में डूबी राजधानी, सड़कों पर अंधेरा, तेज हवाओं के साथ होने लगी बारिश
ये भी पढ़ें – अंबेडकर नगर में भीषण हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद मदद करने पहुंचे लोगों को कार ने कुचला, आठ की मौत
मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना प्रक्रिया में किसी भी शख्स को कोई दस्तावेज नहीं देना होगा। इसको लेकर किसी तरह का संशय नहीं होना चाहिए। जो जानकारी परिवार के मुखिया भरेंगे उसका सत्यापन प्रगणक करेंगे।
कोई कॉलम छोड़ नहीं सकते
जनगणना के दौरान 34 सवालों के जवाब भरे जाएंगे। इसमें कोई भी सवाल छोड़ नहीं सकते। अगर किसी सवाल का जवाब नहीं दिया तो फॉर्म भरेगा ही नहीं। अगर खुद भरेंगे तो ओटीपी आएगा, जिससे लॉगिन करना होगा। वहीं अगर ये प्रक्रिया प्रगणक करेंगे तो कोई ओटीपी नहीं आएगा।
परेशान होने की जरूरत नहीं
निदेशक ने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया बेहद सरल है। लॉगिन करके सवालों के जवाब देने होंगे। फॉर्म ऑनलाइन सबमिट हो जाएगा। वहीं अगर फॉर्म खुद नहीं भरते हैं तो दस से पंद्रह मिनट का समय प्रगणक को देना होगा। जिससे वह परिवार के मुखिया से बातचीत कर सही व स्पष्ट जानकारी भर सकेंगे। निदेशक ने लोगों से सहयोग करने की अपील की है।
जिसका जहां निवास वहीं होगी गणना
मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि तमाम लोग गांव छोड़कर शहरों में रह रहे हैं। ऐसी स्थिति में शहर में रहने वाले लोगों की गणना शहर से होगी। जो लोग गांव में रह रहे होंगे उनकी गणना गांव में ही होगी। ऐसा संभव नहीं होगा कि गांव में उनके परिवार वाले शहर में रहने वाले सदस्य की जानकारी फॉर्म में भर दें। स्पष्ट है कि जिसका जहां निवास, उसकी वहीं पर गणना की जाएगी।
