{“_id”:”6af9a1c90c18a6115c043c12″,”slug”:”self-enumeration-for-census-2027-begins-today-in-pilibhit-2026-11-15″,”type”:”feature-story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”जनगणना-2027: स्वगणना आज से, 30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज करा सकेंगे परिवार का ब्योरा; जानें पूरी प्रक्रिया”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

जनगणना-2027
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार से होने जा रही है। इस बार जनगणना की प्रक्रिया में पहली बार डिजिटल माध्यम के साथ स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत पीलीभीत जनपद के लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार और सदस्यों से संबंधित जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या की गणना करेंगे। खास बात यह है कि ऑनलाइन विवरण भरने के बाद परिवार को एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा और घर आने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना पड़ेगा। वह इस पहचान संख्या के आधार पर दर्ज जानकारियों का सत्यापन करेंगे।
स्व-गणना के लिए भारत सरकार ने https://se.census.gov.in पोर्टल उपलब्ध कराया है। इस पर सबसे पहले राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी विवरण दर्ज करने होंगे। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद भाषा चुनकर घर का पता और डिजिटल नक्शे पर उसकी लोकेशन दर्ज करनी होगी। परिवार के मुखिया को सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब भरने होंगे। पूरी जानकारी की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। एक परिवार के सभी सदस्यों का विवरण मुखिया ही दर्ज कर सकेंगे। प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग लॉगिन करने की आवश्यकता नहीं होगी।
स्वगणना नहीं कर सके तो घर पहुंचेंगे कर्मचारी
डीएम आलोक कुमार ने बताया ऑनलाइन स्व-गणना कराना वैकल्पिक है। जो परिवार निर्धारित अवधि में पोर्टल पर जानकारी दर्ज नहीं कर पाएंगे, उनके घर पहुंचकर प्रगणक विवरण एकत्र करेंगे। इसके लिए कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से आंकड़े संकलित करने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। ऑनलाइन फॉर्म भरने वाले परिवारों को भी प्रगणक के आने पर अपनी एसईआईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे उनके द्वारा दर्ज किए गए विवरण का मिलान और सत्यापन किया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद का कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए।

