शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में एक युवक को किन्नर बना दिया गया। कानपुर देहात के थाना मंगलपुर क्षेत्र के गांव भौलापुर निवासी जानू यादव उर्फ सिमरन (18 वर्ष) ने खुटार के किन्नर और उसके तीन साथियों पर आरोप लगाया है। बताया कि आरोपियों ने ऑपरेशन करवाकर उसे किन्नर बना दिया। पीड़ित ने सीओ को प्रार्थनापत्र दिया है। आरोप है कि उस पर धर्म बदलने का दबाव भी डाला गया।
जानू यादव ने सीओ को बताया कि वह कानपुर में एक नाटक कंपनी में डांस करता था। इसके वीडियो सोशल मीडिया पर मोबाइल नंबर सहित पोस्ट करता था। खुटार क्षेत्र के एक किन्नर ने उससे संपर्क किया और अपने साथ बधाई में डांस करने के लिए ले जाने लगा। चार साल से उसका किन्नर के यहां आना-जाना है। इस बीच किन्नर और उसके साथी उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाने लगे, लेकिन उसने मना कर दिया।
दिल्ली के अस्पताल में करवाया ऑपरेशन
मार्च में किन्नर सहित चार लोग उसे घुमाने की बात कहकर दिल्ली ले गए। दिल्ली में उसको नशीला इंजेक्शन लगा दिया गया और दिल्ली के नरेला क्षेत्र के एक अस्पताल में उनका गुप्तांग काट दिया गया। विरोध करने पर उन लोगों ने धमकाकर चुप करा दिया। वहीं, गांव भरकलीगंज निवासी काजल किन्नर ने भी जानू यादव के साथ सीओ से मिलकर 15 तोला सोना और नकदी चोरी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
