जालौन में खाद की किल्लत को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। खाद लेने के लिए किसानों को घंटों लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। कृषि विभाग की ओर से पर्याप्त खाद उपलब्ध होने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन उरई मंडी में मंगलवार को नजर आई किसानों की भीड़ इन दावों पर सवाल खड़े करती दिखी। टीम जब उरई मंडी पहुंची, तो खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान लाइन में खड़े मिले।
किसानों ने बताया कि वह कई दिनों से खाद के लिए चक्कर लगा रहे हैं। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी कई किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों ने सोसायटी संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लाइन में लगे किसानों को खाद देने के बजाय अंदर से खाद ब्लैक में बेची जा रही है। किसानों का आरोप है कि घंटों इंतजार के बाद जब उनका नंबर आता है तो खाद खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस कर दिया जाता है।
