कुठौंद थाना क्षेत्र की शंकरपुर चौकी के चंद्रपुरा गांव के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दो मजदूरों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसका पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर किया गया है। शव गांव पहुंचते ही सोमवार को परिजनों ने जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। परिजन लोडर व चालक को पकड़ने की मांग करते रहे, किसी तरह समझाने पर वह मानें।
थाना क्षेत्र के तिरावली गांव निवासी कुलदीप (32) अपने साथी मंटू दोहरे (28) के साथ रविवार को शेरघाट स्थित एक मकान के निर्माण कार्य में मजदूरी करने गए थे। काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव तिरावली लौट रहे थे। इसी दौरान चंद्रपुरा गांव के पास बघावली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे लोडर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंटू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि कुलदीप शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही मजदूर का शव गांव पहंचा तो परिजनों ने औरैया रोड पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया, लेकिन वह नहीं माने। परिजन लोडर व चालक को पकड़ने की बात पर अड़े रहे, करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। इसके बाद आश्वासन पर परिजन माने और जाम खोल दिया। थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद कहना है कि जल्द ही लोडर व चालक को बरामद कर लिया। थाना प्रभारी जगदंबा प्रसाद का कहना है कि जांच की जा रही है।
