ककोर थाना क्षेत्र के तुलसी की मड़ैया गांव में विवाहिता की संदिग्ध हालात में तेजाब पी लिया। परिजन अस्पताल ले गए थे। रविवार को इलाज के दौरान आगरा के एक निजी अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
तुलसी की मड़ैया निवासी शिवांगी (22) पत्नी अवधेश की शादी करीब छह महीने पहले दिबियापुर के एक गेस्ट हाउस में हुई थी। परिवार के अनुसार, 19 अगस्त को अवधेश अवंतीबाई की रैली में शामिल होने गए थे। रैली से लौटने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर गुस्से और तनाव में आकर शिवांगी ने तेजाब पी लिया।
तबीयत बिगड़ने पर घबराए परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। सैफई में राहत न मिलने पर परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा ले गए, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।
