जागरण संवाददाता, मैनपुरी। हुनर है, काम करने का जज्बा भी है, लेकिन रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटकना मजबूरी बन जाता है। काम मिलता है तो कभी कई-कई दिन निराश लौटना पड़ता है। अब ऐसे श्रमिकों के लिए प्रदेश सरकार की श्रमिक बाजार योजना बड़ी राहत देगी। डिजिटल लेबर चौक मोबाइल एप कामगारों और काम देने वालों के बीच सेतु बनेगा। इससे घर बैठे आवश्यकता के अनुसार श्रमिक तलाशने और काम प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

श्रम विभाग की इस पहल से जिले के श्रमिकों को जोड़ने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि इस व्यवस्था में किसी भी व्यक्ति को घर, दुकान या अन्य स्थान पर काम कराने के लिए श्रमिक की आवश्यकता होगी तो वह एप पर अपनी आवश्यकता दर्ज करेंगे। काम की प्रकृति के अनुसार संबंधित क्षेत्र के श्रमिकों की सूची सामने आ जाएगी। इसमें कामगारों के मोबाइल नंबर सहित जरूरी जानकारी उपलब्ध होगी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति अपनी सुविधा के अनुसार श्रमिक से सीधे संपर्क कर काम व दाम तय कर सकेंगे।

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि श्रमिकों को काम की तलाश में चौक-चौराहों पर खड़े होकर प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। इतना ही नहीं, लोगों को भी प्लंबर, राज मिस्त्री, बढ़ई, पेंटर सहित अन्य काम के लिए उपयुक्त कामगार तलाशने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि जिले में वर्तमान में 82 हजार से अधिक श्रमिक श्रम विभाग में पंजीकृत हैं। डिजिटल लेबर चौक एप पर अब तक जिले के लगभग 290 श्रमिक पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें अलग-अलग कार्यों में दक्ष कामगार शामिल हैं। एप का दायरा बढ़ने के साथ अधिक से अधिक स्थानीय श्रमिकों को इससे जोड़ने की तैयारी है।

ऐसे मिलेगा एप से सुविधा का लाभ

श्रमिक का श्रम विभाग में पंजीकरण होना जरूरी है। इसके अतिरिक्त डिजिटल मोबाइल फोन और पंजीकृत नंबर हो जो आधार कार्ड से जुड़ा हो। एप डाउनलोड करने के बाद कामगार व काम देने वाले दोनों को पंजीकृत मोबाइल नंबर से प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी। प्रक्रिया पूर्ण होते ही एप पर संबंधित क्षेत्र के कागगारों की सूची दिख जाएगी। आवश्यकतानुसार संपर्क करके काम और मजदूरी की दरें तय करके सुविधा का लाभ लिया जा सकेगा।



Source link

अभी अभी की खबरें