भरथना कस्बे में शनिवार सुबह सड़क किनारे कबाड़ बीन रहे एक 12 वर्षीय किशोर को स्लीपर बस ने कुचल दिया। हादसे में किशोर दर्शन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के मुलायम नगर निवासी गोविंद का पुत्र दर्शन (12) अपने साथियों के साथ कबाड़ बीनता था। उसके साथी शिवा ने बताया कि चार किशोर शुक्रवार को शहर से भरथना आए थे। उन्होंने जवाहर रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पास रात गुजारी थी। शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे दर्शन अपने दो साथियों के साथ प्लास्टिक की बोतलें बीन रहा था। तभी शहर की ओर से आ रही स्लीपर बस सरोजनी रोड की तरफ मुड़ी। बस के पिछले पहिए के नीचे आने से दर्शन का सिर कुचल गया।


यह हादसा पास की एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस ने फुटेज खंगाली और बस की पहचान करने की कोशिश कर रही है। सीओ आरडी मौर्य ने बताया कि अभी परिजन से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस और उसके चालक की तलाश कर रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

दो दिन पहले घर से निकला था

पिता गोविंद ने बताया कि उनकी शादी झारखंड के टाटा नगर के सितानी गांव निवासी आरती से हुई थी। वह पत्नी के साथ वहीं रहकर मजदूरी करता था। उसके तीन बच्चे हैं। दो साल पहले पत्नी आरती एक युवक के साथ चली गई थी। तबसे वह तीनों बच्चों को लेकर मुलायम नगर स्थित अपने घर आ गया था। दर्शन करीब दो दिन पहले एक किशोर के साथ कबाड़ बीनने के लिए निकला था। शनिवार को वह उसे लेने जाने वाला था। उससे पहले हादसा हो गया।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *