अयोध्या: भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाहोत्सव की परंपरा को जीवंत करने के लिए नेपाल के जनकपुर धाम से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु तिलक लेकर अयोध्या पहुंचे. रविवार को पहली बार जनकपुर धाम से सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या पहुंची. ट्रेन के अयोध्या पहुंचने पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. श्रद्धालु अपने साथ भगवान श्रीराम के लिए तिलक की सामग्री और उपहार लेकर पहुंचे हैं. आज शाम 3 बजे विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम का तिलकोत्सव संपन्न कराया जाएगा.

पहली बार ट्रेन से अयोध्या पहुंचे जनकपुर के श्रद्धालु

इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के जरिए भारत और नेपाल के सदियों पुराने संबंधों को एक बार फिर नई मजबूती देने का प्रयास किया जा रहा है. जनकपुर धाम को माता सीता का मायका माना जाता है. ऐसे में वहां से भगवान श्रीराम के लिए तिलक लेकर श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचना विवाहोत्सव की प्राचीन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इस दौरान श्रद्धालुओं में ऐसा उत्साह दिखाई दिया, मानो त्रेता युग की परंपरा एक बार फिर वर्तमान समय में साकार हो रही हो.

नेपाल के मेयर मनोज शाह भी लेकर पहुंचे रामलला का तिलक

नेपाल के मेयर मनोज शाह भी सरयू कमला एक्सप्रेस से तिलक लेकर अयोध्या पहुंचे. उन्होंने बताया कि पहली बार जनकपुर धाम से ट्रेन के माध्यम से भगवान श्रीराम का तिलक लेकर अयोध्या आने का अवसर मिला है. यह उनके और नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए बेहद सौभाग्य की बात है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन को रवाना किया था. इस पहल से दोनों देशों के बीच आवागमन के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध भी मजबूत होंगे.

विज्ञापन

मनोज शाह ने कहा कि हम सभी लोग त्रेता युग की परंपरा को कलयुग में जीवंत करने के उद्देश्य से अयोध्या आए हैं. माता जानकी के मायके जनकपुर से प्रभु श्रीराम के लिए तिलक लेकर पहुंचना हमारे लिए भावनात्मक और धार्मिक रूप से विशेष महत्व रखता है. आज विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान श्रीराम का तिलक चढ़ाया जाएगा. उन्होंने ट्रेन की यात्रा और व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए कहा कि सफर काफी अच्छा रहा और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई.

जनकपुर से अयोध्या पहुंचना हुआ आसान, श्रद्धालुओं में खुशी

नेपाल से पहुंचे अन्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भी सरयू कमला एक्सप्रेस की शुरुआत को लेकर खुशी जाहिर की. उनका कहना था कि ट्रेन के माध्यम से जनकपुर से अयोध्या पहुंचना आसान और सुविधाजनक हुआ है. इससे दोनों धार्मिक नगरों के बीच श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ेगा और लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक आयोजनों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा.

त्रेता युग की परंपरा से जुड़ा है राम-जानकी विवाहोत्सव

गौरतलब है कि अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक और पारिवारिक संबंधों की विशेष मान्यता है. जनकपुर से आने वाला तिलक भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाहोत्सव की परंपरा से जुड़ा हुआ है. इस बार पहली बार सरयू कमला एक्सप्रेस से श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचना इस आयोजन को और खास बना रहा है.



Source link