बिठूर पुलिस ने युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपी सिपाही अश्वनी चौहान को अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया। आरोपी सिपाही अमेठी के एक थाने में तैनात था।
बिठूर क्षेत्र की युवती ने आरोप लगाया था कि उनके घर मे किराए पर रहने वाले बिल्हौर निवासी अश्वनी चौहान ने प्रेमजाल में फंसाकर उन्हें शादी का झांसा दिया था। इसके बाद शारीरिक शोषण करता रहा। जब अश्वनी की नौकरी पुलिस विभाग में लग गई तो उसने शादी से इन्कार कर दिया। शादी का दबाव बनाने पर जान से मारने की धमकी दी और जातिसूचक शब्द कहे। एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने जांच की।
