फर्रुखाबाद। कंपिल थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के बारात से लौट रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी नहर में पलट गई। हादसे में कार सवार दूल्हे के मौसा आलोक उर्फ अशोक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया।

जानकारी के अनुसार, कंपिल नगर के मोहल्ला मांझगांव निवासी अमरनाथ माथुर की बेटी कविता की शादी एसआई पब्लिक गेस्ट हाउस में आयोजित थी। मंगलवार रात दिल्ली के मुकुंदपुर स्थित फौजी कॉलोनी निवासी जयशरण के बेटे प्रवीण की बारात आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी आलोक उर्फ अशोक अपने साथियों संजीव, रामकिशन, वीरेंद्र और भारत के साथ अर्टिगा कार से कंपिल से रुदायन की ओर जा रहे थे।

बताया गया कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे मानिकपुर गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नहर में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य में मदद की।

पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आलोक उर्फ अशोक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, संजीव, रामकिशन, वीरेंद्र और भारत की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

हल्का इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। थाना प्रभारी नितिन कुमार के अनुसार, मृतक दूल्हे के मौसा थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले परिवार में मातम छा गया और खुशियां गम में बदल गईं।



Source link