खागा/जहानाबाद। जिले में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
खागा कोतवाली क्षेत्र के खागा-दामपुर मार्ग पर सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक ने दो साइकिल सवार किसानों को टक्कर मार दी। बांसु का पुरवा मजरे कस्बा सोहन निवासी नयन सिंह (50) पड़ोसी सुनील कुमार के साथ बहलोलपुर ऐलई गांव की बाजार में सब्जी बेचने गए थे। शाम को दोनों अलग-अलग साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी दामपुर की ओर जा रहे किशनपुर चिरई निवासी रोहित कुमार की बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
एसएसआई कृष्ण कुमार ने तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने नयन सिंह को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार रोहित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के न्योरी जलालपुर गांव के पास सोमवार को कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई। जाफरगंज थाना क्षेत्र के देवरी बुजुर्ग गांव निवासी शिव बरदानी (33) पत्नी कुसुम के साथ बाइक से बिजौली गांव जा रहे थे। हादसे के बाद दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने शिव बरदानी को मृत घोषित कर दिया। घायल कुसुम का इलाज जारी है। थानाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
