Last Updated:
Ghazipur News: ब्रिटेन के फैशन इतिहास से जुड़े Chelsea Boots अब गाजीपुर में भी तैयार हो रहे हैं. मेडिकल कॉलेज के सामने कारीगर रामचंद्र राम पिछले 30 साल से चमड़े के जूते बना रहे हैं. इन दिनों वह चेल्सी बूट्स तैयार कर रहे हैं, जिनकी मांग पिछले दो साल से फिर बढ़ने लगी है.
गाजीपुर: कभी ब्रिटेन के फैशन और रॉकस्टार्स की पहचान रहे चेल्सी बूट्स का क्रेज अब गाजीपुर के युवाओं में भी देखने को मिल रहा है. खास बात यह है कि इन जूतों को खरीदने के लिए अब बड़े शहरों के शोरूम तक जाने की जरूरत नहीं है. गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज के सामने कारीगर रामचंद्र राम पिछले करीब 30 साल से पारंपरिक तरीके से चमड़े के जूते बना रहे हैं. इन दिनों वह चेल्सी बूट्स तैयार कर रहे हैं, जिनकी मांग पिछले दो साल से फिर बढ़ने लगी है.
रामचंद्र राम के मुताबिक, इन जूतों को तैयार करने में करीब चार दिन का समय लगता है. इन्हें बनाने में भेड़ के चमड़े का इस्तेमाल किया जाता है. बाजार में इनकी कीमत करीब 2000 से 3000 रुपये तक है. लेकिन रामचंद्र खुद की कारीगरी से बिना ब्रांड के 1200-1300 रुपए में बेच रहे हैं. इनका डिजाइन और बनावट इन्हें दूसरे सामान्य जूतों से अलग बनाती है. कारीगर के पास करीब 6 और 8 इंच के साइज के विकल्प हैं.
सर्दियों में बढ़ जाती है मांग
रामचंद्र राम बताते हैं कि सर्दियों के मौसम में इन जूतों की मांग ज्यादा रहती है. ठंड के दिनों में रोजाना कम से कम तीन ऑर्डर मिल जाते हैं. पिछले करीब दो साल से युवाओं में इन्हें लेकर खास दिलचस्पी देखने को मिल रही है. जींस, शॉर्ट जींस, जैकेट और लेदर जैकेट के साथ चेल्सी बूट्स पहनने का चलन युवाओं को आकर्षित कर रहा है. छोटे साइज के बूट्स को मोजे के साथ भी पहना जाता है.
करीब 200 साल पुराना है चेल्सी बूट्स का डिजाइन
चेल्सी बूट्स का इतिहास 19वीं सदी के ब्रिटेन से जुड़ा है. इन जूतों की सबसे खास पहचान इनके दोनों तरफ लगे इलास्टिक पैनल हैं, जिनकी मदद से इन्हें बिना फीते बांधे आसानी से पहना और उतारा जा सकता है. बाद में 1960 के दशक में The बीटल्स और रोलिंग स्टोंस जैसे म्यूजिक बैंड के सदस्यों ने इन्हें फैशन की दुनिया में लोकप्रिय बनाया. इन जूतों को जींस, स्ट्रेट फिट ट्राउजर और जैकेट के साथ पहना जा सकता है. इनका एंकल-हाई डिजाइन और बिना फीते वाली बनावट इन्हें कैजुअल के साथ स्मार्ट-कैजुअल लुक भी देती है.
कम कीमत में कारीगरी का विकल्प
गाजीपुर में तैयार हो रहे इन जूतों की कीमत 1200 से 1300 रुपये के बीच है. रामचंद्र राम के मुताबिक, इन्हें तैयार करने में मशीन से सिलाई भी की जाती है. चार दिन की मेहनत के बाद एक जोड़ी तैयार होती है. स्थानीय स्तर पर बन रहे ये जूते उन लोगों के लिए एक विकल्प हैं, जो कम कीमत में Chelsea Boots जैसा स्टाइल चाहते हैं.
गाजीपुर के मेडिकल कॉलेज के सामने रामचंद्र राम की यह कारीगरी दिखाती है कि फैशन के पुराने डिजाइन स्थानीय हुनर के साथ नए बाजार में अपनी जगह बना सकते हैं. करीब 30 साल से जूते बनाने वाले रामचंद्र राम अब युवाओं की पसंद के मुताबिक चेल्सी बूट्स तैयार कर रहे हैं.

