{“_id”:”6b0ae64fb7bcfce54c058a3e”,”slug”:”accident-in-pratapgarh-motorcycle-collides-with-a-bolero-and-then-crashes-into-a-dumper-two-teenagers-killed-2026-11-28″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”प्रतापगढ़ में हादसा : बोलेरो से टकराकर डंपर से भिड़ी बाइक, दो किशोरों की मौत”,”category”:{“title”:”Crime”,”title_hn”:”क्राइम”,”slug”:”crime”}}

अमन तिवारी और यश सिंह। फाइल फोटो
– फोटो : संवाद।
विस्तार
बोलेरो की टक्कर से अनियंत्रित हुई बाइक सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो किशोरों की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो और डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।
उदयपुर थाना के कुसौली राजापुर निवासी दिनेश सिंह पनीर का कारोबार करते हैं। उनका बेटा यश सिंह (16) पनीर की सप्लाई करता है। यश शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे शिवबोझ का पुरवा निवासी अमन तिवारी (17) पुत्र सूर्यभूषण तिवारी के साथ बाइक से पनीर की सप्लाई देने लालगंज जा रहे थे। दौलत का पुरवा अमांवा के पास सामने से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दिया। अनियंत्रित हुई बाइक लालगंज की ओर जा रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में दोनों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने यश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमन की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया। इलाज के दौरान अमन ने भी दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर रोते बिखलते हुए परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव यादव ने बताया कि बोलेरो और डंपर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गहरी दोस्ती का दुखद अंत
यश सिंह और अमन तिवारी की दोस्ती इतनी गहरी थी कि दोनों एक-दूसरे के बिना कहीं जाना पसंद नहीं करते थे। दोनों की दिनचर्या भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई थी। साथ उठना-बैठना और घूमना-फिरना उनकी आदत बन चुकी थी। गांव और आसपास के लोग भी दोनों की इस गहरी मित्रता की मिशाल देते थे। शनिवार को दोनों की एक साथ हादसे में मौत की खबर ने परिवारों के साथ उनके परिचितों को भी झकझोर दिया। दोस्ती की यह जोड़ी अब हमेशा के लिए बिछड़ गई।
