फतेहपुर में एक शव नहर में उतराता हुआ मिला। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव मिलने की जानकारी औंग थाना पुलिस को दी। कुछ देर बाद औंग पुलिस लापता राजू विश्वकर्मा (50) की बेटी गुड़िया और अन्य परिजनों को
.
कल्याणपुर थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव और औंग थाना प्रभारी दिनेश कुमार शुक्ला ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजू के शव पर चोट के निशान मिले हैं। उसकी एक उंगली भी कटी हुई थी। पुलिस पहले से ही उसकी तलाश कर रही थी, क्योंकि तीन दिन से लापता राजू की हत्या की आशंका जताई जा रही थी। मामला कल्याणपुर थाना के मुरादीपुर नहर पुलिया के पास का है।

तीन दिन से तलाश, तालाब-खेत और जंगल खंगाल रही थी पुलिस
राजू बुधवार रात से लापता था। उसके लापता होने के बाद पुलिस ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के तालाबों, खेतों और जंगलों में उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को नहर में शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह और चोटों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने राजू को ले गया था जीजा
मामला बुधवार रात औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में हुई खूनी वारदात से जुड़ा है। आशापुर गांव निवासी पवन कुमार की ससुराल बीकमपुर में महावीर के यहां है। करीब नौ साल पहले पत्नी से विवाद के बाद वह मायके में रहने लगी थी। बाद में वह गुजरात में एक रिश्तेदार के यहां रहने लगी।

बुधवार शाम पवन अपनी ससुराल पहुंचा। यहां उसने अपने बड़े साले 55 वर्षीय राजू विश्वकर्मा को उसके बेटे की शादी के लिए लड़की दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया। रात करीब 9 बजे वह अकेला ससुराल लौटा। राजू के बेटों ने पिता के बारे में पूछा तो पवन ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उसने कहा कि राजू गांव में ही है और सुबह सभी को लड़की देखने चलना है। इसके बाद पवन ने परिवार के साथ खाना खाया और चारपाई पर लेट गया।
रात 2 बजे बांका लेकर परिवार पर टूट पड़ा
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2 बजे पवन ने बांका उठाकर राजू के तीन बेटों 20 वर्षीय गोरे, 23 वर्षीय प्रदीप और 25 वर्षीय खाटू उर्फ राजकरन पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर राजू का छोटा साला 40 वर्षीय राजेश और उसकी 37 वर्षीय पत्नी बुद्धा बाहर निकले तो पवन ने उन पर भी हमला कर दिया।

हमले के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने पवन को घेर लिया और परिजनों के साथ उसकी पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों की पिटाई में पवन की मौत हो गई।
पांच घायल कानपुर रेफर, राजू का नहीं मिला था सुराग
घटना में राजू के तीन बेटों गोरे, प्रदीप और खाटू उर्फ राजकरन के अलावा राजेश और उसकी पत्नी बुद्धा घायल हुए थे। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।
इधर, बड़े साले राजू के गायब होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार को मुरादीपुर नहर में शव मिलने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान कर ली। अब पुलिस राजू की मौत की परिस्थितियों और शव पर मिले चोट के निशानों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
