रामविलास सक्सेना, शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में पुलिस के सिपाहियों ने सर्राफा व्यापारी का अपहरण किया. अब इस मामले में फरार चल रहे सिपाही तुषार और अरुण पर कानूनी शिकंजा कस गया है. इन दोनों फरार सिपाहियों तुषार और अरुण के संपत्ति की कुर्की होगी. दो अन्य आरोपी सिपाही पंकज और वीरेंद्र जेल में बंद हैं.
फाइल फोटो न्यूज18
शाहजहांपुर में यह मामला थाना परशुरामपुरी का है. यहां चारों सिपाहियों ने जलालाबाद के सर्राफा व्यापारी सुंदरम क्षत्रिय का अपहरण किया था. वसूली के लिए इस पूरे कांड को अंजाम दिया गया था. फरार चल रहे सिपहियों के परिजन पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप है. यह मामला 4 सितंबर 2026 का है.
दरअसल तिलहर थाने के चार सिपाहियों ने सर्राफा व्यापारी सुंदरम क्षत्रिय का अपहरण कर लिया. आरोप है कि सादे कपड़ों में आए सिपाहियों ने उन्हें सुनसान जगह ले जाकर गाड़ी में काली पन्नी में स्मैक रखकर तस्कर बताने की कोशिश की. फिर उन्हें बिरियागंज चौकी ले जाया गया.
फर्जी स्मैक तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी देते हुए 2 लाख रुपये वसूलने का मामला सामने आया था. व्यापारी ने इसके साथ ही पुलिसवालों पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप भी लगाए. शाहजहांपुर के एसपी सौरभ दीक्षित ने इस मामले में जांच की और आरोप सही पाए जाने के बाद चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया. इसके बाद सेवा से भी बर्खास्त कर दिया गया.
इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सामने आया था. इस मामले में पीड़ित व्यापारी ने बताया कि आरोपी चारों पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और फिर प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डालने की बात भी कही. हाथ-पैर जोड़ने और माफी मांगने पर उन्होंने ऐसा नहीं किया. इसके बाद पीड़ित ने मामले की सूचना अपने घर पर पिता को दी. फोन करने के बाद उन्होंने 2 लाख रुपये दिए. रकम मिलने के बाद ही पुलिसकर्मियों ने व्यापारी को छोड़ा.
विज्ञापन
