जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज के हास्टल में बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र ने वाई-फाई के तार से पंखे से बांधकर बनाए फंदे पर लटककर जान दे दी। क्लास से लौट कर आए सहपाठी (रूममेट) ने दरवाजा न खुलने पर अन्य साथियों को जानकारी दी। तब दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा गया।

हास्टल वार्डेन और सहपाठी उसे बाइक से डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम को वहां पहुंचे छात्र के भाई की नोकझोंक सहपाठी और कालेज की प्रिंसिपल से हुई। पुलिस घटना के कारणों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि छात्र ने दोस्तों से नकद रुपये देकर आनलाइन अपने एकाउंट में डलवाए। इससे साइबर अपराध में छात्र के फंसने की आशंका जताई जा रही है।

आगरा के थाना गुरुगोविंद नगर के मुहल्ला उखरा मार्ग राजपुर चुंगी निवासी श्यामपाल सिंह का 25 वर्षीय पुत्र हरिओम सिंह इटावा-बरेली हाईवे पर बैकुंठपुरी स्थित मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह हास्टल में कमरा नंबर 304 में अपने साथी शौर्य दीक्षित के साथ रहता था।

शनिवार को हरिओम सिंह तबीयत खराब होने की बात कहकर क्लास लेने नहीं गया। दोपहर करीब 12.45 बजे शौर्य क्लास से लौटकर आया तो कमरा अंदर से बंद था। उसने दो-तीन बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन नहीं खुला। खिड़की से झांककर देखा तो हरिओम सिंह पंखे से लटक रहे थे। इस पर उसने वार्डेन हरगोविंद पाराशर समेत अन्य साथियों को सूचना दी।

वार्डन व शौर्य दीक्षित ने दरवाजा तोड़कर चाकू से केबल काटकर हरिओम को नीचे उतारा। पहले वे लोग कालेज में ही बने चिकित्सक कक्ष ले गए। इसके बाद बाइक से वार्डेन छात्र हरिओम सिंह को दोपहर करीब 1.15 बजे डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल लेकर आए। वहां डा. दीपक तिवारी ने हरिओम सिंह को मृत घोषित कर दिया। हरिओम सिंह शर्ट व अंडरवियर पहने हुए था।

सीओ सिटी अभय वर्मा व मऊदरवाजा थानाध्यक्ष रामसहाय व फोरेंसिक टीम ने मेडिकल कालेज जाकर जांच की। पुलिस ने हरिओम के दो मोबाइल कब्जे में ले लिए हैं। कुछ छात्रों ने बताया कि हरिओम ने चार हजार रुपये नकद देकर अपने एकाउंट में आनलाइन डलवाए थे। उस दौरान काफी परेशान लग रहा था। शाम करीब साढ़े पांच बजे हरिओम सिंह के भाई धर्मवीर व स्वजन लोहिया अस्पताल पहुंचे।

स्वजन ने कहा कि उनके पास हरिओम की मौत की सूचना नहीं दी गई और कहा गया कि उसके साथ साइबर धोखाधड़ी हो गई। चौकी प्रभारी को इसकी रिकार्डिंग भी सुनाई। भाई धर्मवीर ने कालेज की प्रिंसिपल डा. नीतूश्री व वार्डन पर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि मेडिकल कालेज में इससे पहले भी खुदकुशी की घटनाएं हो चुकी हैं।

प्रिंसिपल डा. नीतूश्री ने बताया कि शुक्रवार को हरिओम फुटबाल खेलते समय चोटिल हो गया था, इस कारण वह क्लास लेने नहीं गया। हरिओम सिंह दो भाइयों में छोटा था। मऊदरवाजा थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। मामले में अभी कोई तहरीर भी नहीं मिली है।

प्रिंसिपल को नहीं दी थी छात्र के कमरे में रुकने की जानकारी

मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज के हास्टल में यदि कोई छात्र क्लास लेने नहीं जाता है तो इसकी जानकारी प्रिंसिपल को देनी होती है, लेकिन हरिओम सिंह के कमरे में रुकने की जानकारी वार्डेन व सहपाठी (रूममेट) ने प्रिंसिपल को नहीं दी। प्रिंसिपल ने इसे वार्डेन व अन्य कर्मचारियों की लापरवाही बताया।

किीस छात्र को रुकने को अनुमति नहीं थी

आगरा के थाना गुरुगोविंद नगर के मुहल्ला उखरा मार्ग राजपुर चुंगी निवासी श्यामपाल सिंह का 25 वर्षीय पुत्र हरिओम सिंह इटावा-बरेली हाईवे पर बैकुंठपुरी स्थित मेजर एसडी सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कालेज में बीएएमएस द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह हास्टल में रहकर ही पढ़ाई कर रहा था। प्रिंसिपल डा. नीतूश्री ने बताया कि हास्टल के कमरे में सुबह नौ बजे के बाद किसी भी छात्र-छात्रा को रुकने की अनुमति नहीं होती है। किसी कारण से यदि कोई विद्यार्थी रुकता भी है तो वार्डेन व संबंधित स्टाफ को इसकी जानकारी प्रिंसिपल को देनी पड़ती है, लेकिन किसी ने प्रिंसिपल को छात्र हरिओम सिंह के कमरे में रुकने की जानकारी नहीं दी।

इसकी जांच करवाई जाएगी: प्रिंसिपल

दोपहर करीब 12.45 बजे प्रिंसिपल डा. नीतूश्री को छात्र हरिओम सिंह के फंदा लगाकर जान देने की जानकारी दी गई। प्रिंसिपल का कहना था कि यह लापरवाही की श्रेणी में आता है। इसकी जांच करवाई जाएगी कि आखिर वार्डेन व अन्य स्टाफ ने छात्र के कमरे में रुकने की जानकारी क्यों नहीं दी।

वार्डेन ने साधी चुप्पी

वार्डेन हरगोविंद पाराशर ने बताया कि डेढ़ माह पहले ही उनकी हास्टल में तैनाती हुई है। हरिओम सिंह के कमरे में रुकने की जानकारी प्रिंसिपल को न देने के सवाल पर वार्डेन चुप्पी साध गए। बड़े भाई धर्मवीर सिंह का कहना था कि शुक्रवार शाम को उनकी छोटे भाई हरिओम सिंह से बात हुई थी। बात करने से ऐसा नहीं लग रहा था कि हरिओम सिंह परेशान है।



Source link

अभी अभी की खबरें