आज के समय में बैंकिंग से लेकर होटल चेक-इन और सरकारी व निजी सेवाओं तक, लगभग हर जरूरी काम में आधार कार्ड की जरूरत पड़ती है। ऐसे में इसे हर समय साथ रखना लोगों की मजबूरी बन गया है, लेकिन कार्ड खोने या गलत इस्तेमाल का डर भी बना रहता है। इसी समस्या को खत्म करने के लिए गूगल वॉलेट ने भारतीय यूजर्स के लिए नया फीचर रोलआउट किया है, जिसमें अब आधार कार्ड को सीधे एप में डिजिटल रूप से सेव किया जा सकता है। इससे पहचान सत्यापन पहले से ज्यादा आसान, तेज और सुरक्षित हो सकता है।
क्या है नया फीचर?
इसका नाम गूगल वॉलेट है, इसे भारत में मई 2024 में लॉन्च किया गया था, जो अब आधार वेरिएबल क्रेडेंशियल को सपोर्ट कर रहा है। यानी जहां भी आधार आधारित पहचान सत्यापन की सुविधा होगी, वहां यूजर्स गूगल वॉलेट के जरिए अपना डिजिटल आधार दिखा सकेंगे। यह फीचर एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध है और इससे फिजिकल कार्ड साथ रखने की जरूरत काफी हद तक कम हो सकती है।
गूगल वॉलेट में आधार रखने के फायदे
इस फीचर के आने के बाद यूजर्स को कई सुविधाएं मिलेंगी। अगर आप Aadhaar कार्ड घर पर भूल जाएं, तब भी फोन से अपनी पहचान आसानी से दिखा सकते हैं। इससे कार्ड खोने या गलत इस्तेमाल का खतरा भी कम होगा। गूगल वॉलेट में सेव आधार का इस्तेमाल उम्र सत्यापन, पहचान जांच और कई ऑनलाइन सेवाओं में किया जा सकेगा। फिलहाल तो भारतमैटरीमोनी और Atlys जैसी सेवाएं इस सपोर्ट का इस्तेमाल कर रही हैं। आने वाले समय में माईगेट और अन्य प्लेटफॉर्म भी इससे जुड़ सकते हैं।
Google Wallet Step-by-Step Guide: गूगल वॉलेट में आधार जोड़ने का तरीका क्या है?
Aadhaar जोड़ने का प्रोसेस काफी आसान है। अगर आप अपना आधार इससे जोड़ना चाहते हैं, तो नीचे बताए गए इन स्टेप्स को फॉलों करें…
- सबसे पहले गूगल वॉलेट एप डाउनलोड करें।
- डाउनलोड होने के बाद एड बटन पर टैप करें।
- यहां आईडी की लिस्ट में जाकर आधार के ऑप्सन को चुनें।
- इसके बाद mAadhaar एप पर रीडायरेक्ट किया जाएगा
- फिर आधार नंबर डालकर ओटीपी से वेरिफिकेशन पूरा कर लें।
- इन स्टेप्स के बाद Add to Wallet पर टैप करें।
- यहां UIDAI वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आधार कार्ड एप में दिखाई देने लगेगा।
NFC और QR Code से भी होगा इस्तेमाल
अगर आपका फोन एनएफसी (नियर फील्ड कम्युनिकेशन) सपोर्ट करता है, तो गूगल वॉलेट में सेव आधार का इस्तेमाल कॉन्टैक्टलेस वेरिफिकेशन के लिए भी किया जा सकता है। इसके अलावा QR Code और ऑनलाइन ऑटोफिल फीचर्स का भी सपोर्ट मिलेगा। कहा जा रहा है कि गूगल वॉलेट और आधार का यह इंटीग्रेशन डिजिटल पहचान को और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे यूजर्स को सुरक्षित और तेज पहचान सत्यापन का अनुभव मिल सकता है।
