फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना नगला खंगर क्षेत्र के ग्राम कौरारी खेड़ा में शुक्रवार देर शाम एक महिला की कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतका शाम को खेत से घास लेने गई थी, जहां से काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। घर से करीब 600 मीटर दूर नहर के पास महिला का शव लहूलुहान हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
कौरारी खेड़ा निवासी सोनी (38) पत्नी संदीप शुक्रवार शाम करीब 6 बजे खेत पर घास लेने गई थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब 600 मीटर दूर खेत के पास से गुजर रही नहर के किनारे सोनी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। मृतका के सिर पर कुल्हाड़ी से कई जानलेवा वार किए गए थे। मृतका के पति के साथ दो साल पहले दुर्घटना हो गई थी, जिसके बाद से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। महिला का एक 13 वर्ष का बेटा है, जो अपने ननिहाल में रहता है।
पारिवारिक रंजिश में वारदात, आरोपी रिश्तेदार फरार
हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस, सीओ सिरसागंज, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पड़ताल की। परिवार की एक किशोरी ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक रंजिश के चलते घर के ही एक पुरुष ने इस वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद से संदिग्ध आरोपी फरार है और उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। संदिग्ध पुरुष की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव मोर्चरी भेज दिया है। –चंचल त्यागी, सीओ सिरसागंज
