जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। प्रेम संबंध के चलते रिश्तेदार महिला को एक युवक अपने घर ले आया। जानकारी होने पर पहुंचे महिला के स्वजन ने युवक के घर आकर उसकी पिटाई कर दी और महिला को अपने साथ ले गए। ग्रामीणों के सामने पिटाई से आहत युवक ने सोमवार रात घर से सौ मीटर दूर मंदिर के पास स्थित पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
गांव भादऊ निवासी 22 वर्षीय निवासी सोनू मजदूरी करता था।
सोमवार रात घर से सौ मीटर दूर पेड़ से लटका मिला शव
सोमवार शाम सात बजे वह अंधेरे में घर से निकल गया और 100 मीटर दूर गांव के बार मंदिर के सामने पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रात आठ बिजली आने पर जब उजाला हुआ तो ग्रामीणों ने शव को फंदे पर लटका देख स्वजन को सूचना दी। पिता कमलेश ने बताया कि मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली रिश्तेदार महिला से सोनू के प्रेम संबंध थे। आए दिन वह उसके घर जाता था, दोनों के बीच फोन पर भी बातचीत होती थी।
रिश्तेदार लगती थी महिला, दो दिन पहले ले आया था घर
कमलेश ने बताया कि दो दिन पहले सोनू महिला से मिलकर आया था। रविवार को महिला अपने घर से निकल आई और सोनू को फोन किया। इस पर सोनू उसे अपने साथ ले आया। शुक्रवार शाम को महिला के स्वजन घर पहुंचे और 112 फोन कर पुलिस बुला लिया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में महिला घर जाने के लिए तैयार हो गई। पुलिस के जाते ही महिला के स्वजन ने बेटे की ग्रामीणों के सामने पिटाई कर दी। सार्वजनिक तौर पर अपमानित किए जाने के कारण ही बेटे ने आत्महत्या की है।
