फिरोजाबाद (विकास पालीवाल)। सिरसागंज थाना क्षेत्र के अरांव रोड स्थित दौलतपुर बैजुआ गांव में शनिवार रात बरात चढ़ते समय बड़ा हादसा हो गया। घोड़ा बग्गी में लगी सजावटी सुर्री 11 हजार के हाइटेंशन लाइन से छू गई। करंट की चपेट में आने से बैंड गायक अकील (40 साल ) और लाइट लेकर चल रहे पप्पू सिद्दीकी (38 साल) की मौके पर ही मौत हो गई। बग्गी में जुड़े दोनों घोड़ों ने भी दम तोड़ दिया, जबकि बैंडकर्मी विवेक गंभीर रूप से झुलस गया। इधर करंट दौड़ते ही दूल्हे ने बग्गी से कूदकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 9:30 बजे गांव निवासी सर्वेश की पुत्री निशा की बरात मथुरा जिले के फरह से आई थी। बरात में सिरसागंज का न्यू जनता बैंड बुक किया गया था। प्राथमिक विद्यालय के पास से बरात चढ़नी शुरू हुई। बराती नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान बग्गी में लगी सजावटी सुर्री ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। देखते ही देखते बग्गी और उसके आसपास मौजूद लोग करंट की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में नगला राधे निवासी बैंड गायक अकील और मियां बाजार निवासी लाइटकर्मी पप्पू सिद्दीकी की मौके पर मौत हो गई।
वहीं श्याम नगर निवासी बैंडकर्मी विवेक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद बरात में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दुल्हन पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया, जबकि घायल विवेक को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।वहीं देर रात सादगी से विवाह की प्रमुख रस्में कराई गईं। सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि झुलसे बैंडकर्मी का उपचार चल रहा है। हादसे की जांच की जा रही है।
इधर हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार करीब 15 फुट की ऊंचाई पर झूल रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने हादसे के लिए विभागीय लापरवाही और शिकायतों की अनदेखी को जिम्मेदार ठहराया है।
