कासगंज। गंजडुंडवारा क्षेत्र के कादरगंज गंगाघाट और बदायूं की सीमा से लगे गंगातट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले प्रसिद्ध मुगलकालीन प्राचीन ककोड़ा मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेले का भव्य उद्घाटन 23 नवंबर को दोपहर 12 बजे किया जाएगा।
एक ओर जिला पंचायत प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं, तो दूसरी ओर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने भी घाट पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश दिए।
ककोड़ा मेला वर्षों से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बना हुआ है। जिला पंचायत प्रशासन की ओर से मेले में करीब 300 दुकानें सजाई जा रही हैं, जिनमें मीना बाजार प्रमुख आकर्षण रहेगा। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए आने वाले दूरदराज के श्रद्धालुओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं मीना बाजार से शृंगार व अन्य जरूरत के सामान की खरीदारी करती हैं। इसके अलावा मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी लगाए गए हैं। दूरदराज से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए रैन बसेरा, सर्दी से बचाव के लिए अलाव, प्रकाश, बैरिकेडिंग और पेयजल की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
नारंगी और सिंघाड़े की होती है जमकर खरीदारी
कादरगंज गंगाघाट पर लगने वाले इस मेले में नारंगी और सिंघाड़े की खूब बिक्री होती है। गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ इनकी खरीदारी भी करते हैं। इसके लिए मेले में नारंगी और सिंघाड़े की दुकानें विशेष रूप से सजाई जाती हैं। आसपास के गांवों के लोग भी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं, जिससे दुकानदारों को मेले का बेसब्री से इंतजार रहता है।
घाट पर तैनात रहेंगे मोटरबोट और गोताखोर
मेले की व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि कोई अनहोनी न हो। उन्होंने घाट पर पर्याप्त संख्या में मोटरबोट और गोताखोर तैनात रखने, माइकिंग से लगातार जागरूक करने तथा बच्चों को पानी की ओर जाने से रोकने के निर्देश दिए। साथ ही बैरिकेडिंग, निशान और बल्लियां लगाकर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने को कहा।
महिला चेंजिंग रूम और खोया-पाया केंद्र भी बनेंगे
जिलाधिकारी ने कहा कि ककोड़ा मेला उत्तर भारत के प्राचीन व प्रसिद्ध धार्मिक मेलों में शामिल है। मेले में प्रशासनिक शिविर के साथ विभिन्न विभागों की सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाए जाएं। दुकानों को व्यवस्थित लगवाने के साथ पर्याप्त संख्या में पुरुष व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था, खोया-पाया केंद्र, पुलिस सूचना केंद्र, वाहन पार्किंग, पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश, साफ-सफाई और महिला श्रद्धालुओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सुशांत सांवरे, अपर मुख्य अधिकारी उपेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कादरगंज गंगाघाट पर लगने वाले प्राचीन ककोड़ा मेले के आयोजन की तैयारियां तेजी से कराई जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और ठहरने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। मेले को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला पंचायत प्रशासन जुटा हुआ है। – रत्नेश कश्यप, जिला पंचायत अध्यक्ष, कासगंज

फोटो 28 – गंजडुंडवारा के कादरगंज घाट पर ककोड़ा मेला के लिए लगाई गई लाइटें। स्रोत : सवाद
