जागरण संवाददाता, संभल। शराब के नशे में धुत पति मोहम्मद तंजीम ने अपनी पत्नी राहेमीन को पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। घटना के बाद हत्यारोपित ने घर से भागने का प्रयास किया तो उसके भतीजे ने दबाेच लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी का कहना है कि फोरेसिंक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।

शरीर पर फिलहाल चोट का कोई निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। महिला बीमार भी रहती थी। हालांकि स्वजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

घटना कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कोटगर्वी में तबेला की है। यहां पर हाजी बब्बू की मार्केट के ऊपर बने कमरे में मोहम्मद तंजीम और उसकी पत्नी राहेमीन दस हजार रुपये में किराये पर रहते थे।

मूलरूप से मोहम्मद तंजीम तहसील के पास धोबियों वाला मुहल्ला का रहना वाला है मगर, राहेमीन से 18 साल पहले प्रेम विवाह करने के बाद अपनी ससुराल में ही रहने लगा। तंजीम राजमिस्त्री का काम करता है।

मृतका के भाई मोहम्मद शाहनवाज ने बताया कि राहेमीन और तंजीम बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों माडर्न पब्लिक स्कूल में पांचवीं कक्षा तक साथ पढ़े थे। किशोरावस्था में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। इसके बाद दोनों ने शादी कर ली।

आरोप है कि तंजीम शराब पीने का आदी था। इसी वजह से दंपती के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। आरोप है कि मंगलवार रात से ही तंजीम ने राहेमीन के साथ मारपीट शुरू कर दी थी।

घर के अंदर पिटाई करने के बाद उसे सड़क तक घसीटकर पीटा। मॉडर्न पब्लिक स्कूल तक हुई मारपीट के दौरान लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था, लेकिन बुधवार शाम करीब पांच बजे उसने फिर पत्नी को पीटना शुरू कर दिया।

शाम करीब छह बजे स्वजन को घटना की जानकारी मिली। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो तंजीम हंगामा करते हुए भागने लगा। वह जामा मस्जिद की ओर दौड़ा, लेकिन पीछे से पहुंचे मृतका के भतीजे आमान ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

साले शाहनवाज ने ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर भी विवाद बढ़ाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बहनों की शादी में गाड़ी और सामान दिए जाने की बात कहकर तंजीम को ताने मारे जाते थे। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेसिंक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें