ऐतिहासिक कनैली मेले में 24 से 26 नवंबर तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दंगल का आयोजन होगा। इसमें नेपाल और चीन समेत देश के कई राज्यों के नामी पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। तीन दिनों तक होने वाले मुकाबलों में पहलवान अपने दमखम और कुश्ती के हुनर का प्रदर्शन करेंगे। देश-विदेश के पहलवानों की मौजूदगी से दंगल में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

दंगल में नेपाल और चीन के अलावा उड़ीसा, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, अयोध्या, गाजीपुर, लुधियाना, आगरा, बांदा, महोबा और कौशाम्बी के पहलवान हिस्सा लेंगे। आयोजक अजय पटेल ने बताया कि दंगल शुरू होने से करीब एक सप्ताह पहले ही विभिन्न स्थानों से पहलवान पहुंचने लगते हैं। कमेटी की ओर से उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जाती है। किसी को असुविधा न हो, इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जाते हैं। दर्शकों के बैठने के लिए भी विशेष व्यवस्था रहेगी। क्षेत्रीय लोगों करन सरोज, श्रीकांत मिश्रा, मोहम्मद अहमद, भोला यादव, कमलेश मौर्य आदि ने बताया कि देश-विदेश के पहलवानों को एक ही मंच पर मुकाबला करते देखना क्षेत्र के लोगों के लिए खास आकर्षण रहता है। मेले में दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।

—इनसेट—

50 वर्षों से निर्णायक की निभा रहे जिम्मेदारी

दंगल के निर्णायक कालीघटा ने बताया कि वह 177वें दंगल से लगातार करीब 50 वर्षों से जुड़े हैं। हर वर्ष उन्हें निर्णायक की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। उन्होंने कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़ा लोकप्रिय खेल है। इसमें पहलवान अपनी ताकत, तकनीक और हुनर का प्रदर्शन करते हैं।



Source link

अभी अभी की खबरें