कोखराज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गिरसा गांव में राजमती (55) की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को उसकी छोटी बेटी और प्रेमी दिलीप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन राजमती इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थीं। शादी में बाधा बन रही मां को रास्ते से हटाने के लिए बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद दिलीप ने ईंट से सिर कूंचकर राजमती की हत्या कर दी थी।

पुलिस की जांच में सामने आया कि राजमती की छोटी बेटी का प्रेम प्रसंग दिलीप से चल रहा था। दिलीप रिश्ते में उसकी बड़ी बहन का देवर लगता है। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन मां के विरोध के कारण उनके बीच तनाव था। आरोप है कि इसी बाधा को दूर करने के लिए दोनों ने हत्या की योजना बनाई।

शुक्रवार रात गिरधारी लाल सरोज अपनी चारों बेटियों और दामाद के साथ भरवारी का दशहरा मेला देखने गए थे। घर में राजमती अकेली थीं। इसी दौरान दिलीप ने ईंट से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी। रात करीब 10:30 बजे परिजन लौटे तो आंगन में उनका खून से लथपथ शव मिला। पुलिस ने फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच और पूछताछ में बेटी व उसके प्रेमी की भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि महिला की हत्या के मामले में उसकी बेटी और प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।



Source link