जागरण संवाददाता, बलरामपुर। खलीलाबाद-बहराइच वाया बलरामपुर रेल मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन की तरफ से किसानों से भूमि के अभिलेख व सहमति पत्र (एनओसी) लिए जा रहे हैं।

शनिवार को सदर ब्लाक के रानीजोत देवरिया में शिविर लगाकर किसानों से संबंधित अभिलेख लिए गए। खलीलाबाद से सिद्धार्थनगर जनपद में अधिकांश काम पूरा हो गया है, ऐसे में जिले में तेजी से काम शुरू किया गया है।

उतरौला तहसील क्षेत्र के गांवों में किसानों के अभिलेख पहले ही जमा हो चुके हैं। रानीजोत देवरिया में जिला प्रशासन ने शिविर लगाकर किसानों से सहमति पत्र और जमीन से संबंधित दस्तावेज एकत्र किए। प्रपत्रों की जांच के बाद पात्र किसानों को अधिग्रहित भूमि का प्रतिकर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी डा. विपिन कुमार जैन ने बताया कि किसानों की सहूलियत के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए गांवों में ही विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसानों को बेवजह भागदौड़ न करनी पड़े। रानीजोत देवरिया में 219 किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई है।

यह भी पढ़ें- मंजिल अभी करीब 300 KM दूर… बलरामपुर पहुंचने में 308 पहियों वाले ‘महाट्रक’ को अभी लगेगा पूरा एक महीना

इनमें 27 किसानों से पूर्व में ही सहमति पत्र लिया जा चुका है। अब शेष किसानों से सहमति पत्र और भूमि संबंधी अभिलेख लिए गए हैं। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार प्रतिकर भुगतान की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

यह भी पढ़ें- गाजीपुर में सबसे अधिक दौड़ा 308 पहियों वाला ट्रक, एक दिन में 200 टन वजनी वेसल लेकर तय किया 50 किमी का सफर