ठठिया। रक्षाबंधन के बाद से पत्नी के मायके से न आने से परेशान युवक नशे का आदी हो गया। शनिवार को पति ने गांव के बाहर पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य एकत्र किए।

ग्राम मुचुआपुर निवासी रामकुमार (33) ट्रक चालक था। ग्रामीणों ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते रामकुमार की पत्नी सोनी रक्षाबंधन पर मायके गई थी, जिसके बाद से वह मायके में ही रह रही है। रामकुमार ने कई बार पत्नी को वापस लाने का प्रयास किया, लेकिन वह वापस नहीं आई। शुक्रवार रात करीब 10 बजे तक रामकुमार घर पर था, लेकिन देर रात घर से निकल गया।

शनिवार सुबह शौच के लिए खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने गांव के बाहर बबूल के पेड़ पर रामकुमार का शव फंदे पर लटकता देखा और परिजन व पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

उसके परिवार में पत्नी, बेटे दिव्यांश (10), आयुष (7) और आर्यन (5) हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें