Bahraich: A villager sleeping in a hut was killed by a leopard

झोपड़ी में सो रहे ग्रामीण को तेंदुए ने मार डाला।
– फोटो : amar ujala

विस्तार

बहराइच के सुजौली इलाके में तेंदुए का हमला थम नहीं रहा। सरयू नहर के किनारे फूस की झोपड़ी बनाकर रह रहे ग्रामीण पर रात में तेंदुए ने हमला कर दिया। झोपड़ी में सो रहे जयराम का अधखाया शव करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत के पास मिला। सुबह बेटे को देखने पहुंचे माता-पिता के सामने यह खौफनाक मंजर आया तो उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।


घटना थाना सुजौली चफरिया ग्राम पंचायत के ओरी पुरवा गांव की है। यहां के निवासी जयराम (42) पिछले आठ साल से सरयू नहर के किनारे फूस की झोपड़ी बनाकर रहते थे। सोमवार सुबह करीब नौ बजे तक जब वह रोज की तरह घर पर माता-पिता से मिलने नहीं पहुंचे तो मां केतकी देवी और पिता जमुना उन्हें देखने झोपड़ी पर पहुंचे। वहां चारपाई टूटी हुई थी और बिस्तर बिखरा पड़ा था। अनहोनी की आशंका में दोनों ने आसपास तलाश शुरू की तो करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में जयराम का अधखाया शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर दोनों चीखने-चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी राम गोविंद वर्मा ने पुलिस टीम के साथ शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, हमला रात करीब तीन से चार बजे के बीच हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश है। उन्होंने क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

चफरिया निवासी समाजसेवी तरुण तेजस ने बताया कि जयराम की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के एक साल बाद ही पत्नी की मृत्यु हो गई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। परिवार में माता-पिता और दो बड़े भाई दीपक व सुधीर हैं। दोनों भाई अपने परिवार के साथ गांव में ही रहते हैं।

दो माह पहले भी हुई थी मौत

घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर दो माह पहले भी तेंदुए के हमले में एक वृद्ध महिला की जान चली गई थी। इसके बावजूद इलाके में तेंदुए के हमले से बचाव के लिए कोई उपाय नहीं किए गए।



<!–

–>



Source link