श्रावस्ती। सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए भले ही अभियान चलाए जा रहे हों, लेकिन जिले में कई सड़कों के जख्म अब भी नहीं भरे हैं। अभियान का असर कागजों तक सिमटा नजर आ रहा है। धरातल पर हालात इसके उलट हैं। कई सड़कें ऐसी हैं, जिन्हें मरम्मत के लिए वर्षों से इंतजार करना पड़ रहा है। भनगुसरा मोड़ से मुलीमपुर होते हुए महरौली जाने वाला मार्ग हो या भिनगा तहसील से परसा डेहरिया होते हुए लक्ष्मणपुर बैराज जाने वाली सड़क, सभी की हालत खराब है।

जिला पंचायत की कुल 86 सड़कों की लंबाई 52.396 किलोमीटर है। इनमें से केवल आठ मार्गों के 6.785 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत कराई जा रही है। इन मार्गों में जमुनहा क्षेत्र के रामपुर बगिया और हरदत्तनगर गिरंट, हरिहरपुररानी के मछरिहवा और मजगवां तथा सिरसिया के संभारपुरवा और सधईपुरवा जाने वाले मार्ग शामिल हैं। इनकी मरम्मत पर करीब 96 लाख 96 हजार 500 रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इसी तरह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत जिले में कुल 22 सड़कें हैं। इनमें भिनगा-गोठवा और बदला-नानपारा मार्ग सहित अन्य सड़कों की मरम्मत कराई जा रही है। अवर अभियंता उमेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क पर पांच प्रतिशत पैचवर्क होने पर उसे गड्ढामुक्त माना जाता है। मरम्मत के लिए अलग से बजट का भी प्रावधान है।

वहीं, लोक निर्माण विभाग की सड़कों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। भनघुसरा से लालपुर महरी जाने वाली सड़क वर्ष 2011 में पीएमजीएसवाई से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित हुई थी। इसके बाद से इस मार्ग पर मरम्मत का कोई काम नहीं कराया गया। इसी तरह भिनगा से परसा होते हुए लक्ष्मणपुर बैराज जाने वाली सड़क भी बदहाली का शिकार है।

सड़क को मरम्मत का इंतजार

गिरंट बाजार प्रतिनिधि के अनुसार हरदत्तनगर गिरंट से औसान कुंडी जाने वाली सड़क की बजड़ियां उखड़ चुकी हैं। स्थानीय निवासी जगदंबा प्रसाद, राकेश कुमार और जिलेदार ने बताया कि सड़क बनने के बाद से अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। यह मार्ग गगनपुरवा और गयादत्त पुरवा सहित करीब 20 गांवों को जोड़ता है। इसी तरह धन्नी पुरवा चौराहे से लट्ठापुरवा, दुर्गापुरवा होते हुए साईं गांव को जोड़ने वाली सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। ग्रामीण जीवलाल यादव, संजय कुमार और सुखीलाल ने बताया कि यह सड़क करीब चार साल से जर्जर है, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। अवर अभियंता रवि कुमार गौतम ने बताया कि क्षेत्र की करीब 26 सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा।

सड़कें चाहे किसी भी विभाग की हों उनपर गड्ढे बनते हैं तो संबंधित विभाग तत्काल उसे भरवाने के लिए अभियान चलाते हैं। साथ ही गड्ढा मुक्ति की समीक्षा भी की जाती है। यदि कोई सड़क लंबे समय से जर्जर है तो उसकी जांच कराकर मरम्मत कराई जाएगी।

– शिशिर कुमार सिंह, सीडीओ

भिनगा से लक्ष्मणपुर बैराज जाने वाली जर्जर सड़क।

भिनगा से लक्ष्मणपुर बैराज जाने वाली जर्जर सड़क।

भिनगा से लक्ष्मणपुर बैराज जाने वाली जर्जर सड़क।

भिनगा से लक्ष्मणपुर बैराज जाने वाली जर्जर सड़क।



Source link