बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में बुधवार-बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि शराब के नशे में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरदौली निवासी राकेश उर्फ फुदुलू का 19 वर्षीय पुत्र सनी बुधवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। परिजनों के मुताबिक घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया।

इसके बाद वह कमरे में चला गया और रस्सी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही पिता राकेश कमरे में पहुंचे तो सनी फंदे पर लटका मिला। उन्होंने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के चाचा धन्नू ने बताया कि सनी तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और उसकी दो छोटी बहनें हैं। करीब दस वर्ष पहले उसकी मां संगीता ने भी फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मां की मौत के बाद अब बेटे की आत्महत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें