यूपी के बाराबंकी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर के काफिले पर पथराव के मामले में रामनगर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने अमित सिंह सहित तीन लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताते चलें कि 15 सितंबर को गोंडा के कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने जा रहे सांसद चंद्रशेखर को रामनगर में रोक लिया गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी की थी। इसे लेकर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई थी।
घटना के बाद सांसद बाराबंकी पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर अपने काफिले पर हमले और पथराव का आरोप लगाया था। उन्होंने एएसपी रितेश कुमार सिंह से मुलाकात के दौरान दावा किया था कि उनके चार-पांच कार्यकर्ता घायल हुए हैं। वाहन का शीशा भी टूट गया है। मामले में अधिवक्ता शनि सिंह पटेल और जिलाध्यक्ष देशराज की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी।
इसके बाद से सांसद लगातार इस मामले को लेकर बयान देते रहे। मंगलवार देर रात वीडियो जारी कर उन्होंने सरकार से बाराबंकी में हुई घटना और हत्या की साजिश के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली।
रामनगर सीओ गरिमा पंत ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
