यूपी के बाराबंकी में सोमवार सुबह कच्ची घर की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में रोना बिलखना शुरू हो गया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
घटना देवा क्षेत्र के मोहम्मदपुर मजरे मलूकपुर गांव की है। गांव निवासी परमेश्वर की पत्नी राजेश्वरी (65) की मलबे के नीचे दबने से मौत हुई है। बताया गया कि वह सुबह अपने घर के बगल में पुराने कच्चे घर में टंगी धोती उतारने गई थीं। इसी दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। वह मलबे में दब गईं।
ग्रामीणों ने किसी तरह मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। परिजन उन्हें एंबुलेंस से लेकर सीएचसी देवा पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजेश्वरी को तीन पुत्रियां हैं। एक पुत्री अभी अविवाहित है। दो की शादी हो चुकी है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि राजेश्वरी को अस्पताल में मृत अवस्था में ही लाया गया था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी। इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी के अनुसार, परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने के लिए लिखित सहमति दी है। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करके शव परिजनों को सौंप दिया।
