उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में संपत्ति और पैसों का विवाद किस हद तक रिश्तों को खत्म कर सकता है. इसकी एक दर्दनाक तस्वीर बाराबंकी के महादेवा से सामने आई है. यहां 42 लाख रुपये के मुआवजे को लेकर एक भाई ने अपनी ही सगी बहन की हत्या कर दी. इस वारदात में उसकी पत्नी भी शामिल रही, पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.
यह मामला रामनगर थाना क्षेत्र के महादेवा का है. बताया जा रहा है कि महादेवा कॉरिडोर निर्माण के दौरान संदीप का मकान परियोजना की जद में आ गया था, जिसके बदले उसे 42 लाख रुपये मिले थे.आरोप है कि संदीप इस रकम में अपनी बहन मंजू को हिस्सा नहीं देना चाहता था. इसी विवाद के चलते 1 नवंबर की रात संदीप ने अपनी पत्नी शीतल के साथ मिलकर मंजू की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी.
आरोपी संदीप और उसकी पत्नी शीतल गिरफ्तार
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी संदीप तथा उसकी पत्नी शीतल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है.
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
इस मामले पर एएसपी विवेक तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
‘काशी और मथुरा में भी दीपोत्सव मनेगा’, दिवाली से पहले संगीत सोम का बड़ा बयान
