जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के महिला महाविद्यालय (एमएमवी) की एक छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित अनुचित व्यवहार के प्रयास और इसके बाद संबंधित शिक्षक के साथ हुई मारपीट के मामले में एनएसयूआई ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। शनिवार को एनएसयूआई बीएचयू इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने छात्र अधिष्ठाता को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन में कहा गया है कि मामले को लेकर कई तरह की सूचनाएं और चर्चाएं सामने आ रही हैं, हालांकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच समिति गठित करनी चाहिए। समिति में छात्राओं का पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित छात्रा की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र इच्छा की रक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही यह भी मांग की कि यदि छात्रा पर बयान बदलने, शिकायत वापस लेने अथवा मामले को दबाने के लिए किसी तरह का दबाव बनाया गया है तो इसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाए। शिक्षक के साथ हुई मारपीट की घटना की अलग से जांच कर इसमें शामिल लोगों की भूमिका निर्धारित करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

एनएसयूआई इकाई अध्यक्ष मुरारी कुमार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रियदर्शिन मीना, गुलशन यादव, वैभव और आशुतोष शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संगठन की मांग किसी को पूर्वाग्रह के आधार पर दोषी ठहराने की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच के जरिए सच्चाई सामने लाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की है।



Source link