यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा से पहले माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का डाटा सत्यापित किया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इसके लिए सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं।
विद्यालयों को शिक्षकों और कर्मचारियों का पूरा विवरण परिषद के पोर्टल पर अपलोड और अपडेट करना होगा। डाटा में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि सभी माध्यमिक विद्यालय अपने यहां कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण अनिवार्य रूप से पोर्टल पर दर्ज कराएं। इसमें नाम, पदनाम, जन्मतिथि, नियुक्ति तिथि और अध्यापन विषय सहित अन्य जानकारियां शामिल होंगी।
शिक्षकों के मोबाइल नंबर भी सही दर्ज करने होंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके। इसके अलावा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में शिक्षक की नियुक्ति जिस विषय के लिए हुई है, उसी के अनुसार विषय कोड दर्ज करना होगा। शिक्षकों की स्नातक और परास्नातक स्तर की शैक्षिक योग्यता के साथ प्रमाणपत्रों का विवरण भी पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।
परिषद का उद्देश्य विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों का सही एवं प्रामाणिक रिकॉर्ड तैयार करना है। जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया चल रही है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि गलत या फर्जी विवरण देने पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य और प्रबंधक की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
