झांसी। बुंदेलखंड विवि परिसर व छात्र-छात्राओं के हॉस्टल की सुरक्षा का नए सिरे से खाका खींचा गया है। इसके तहत हॉस्टल्स में ऑनलाइन आने वाले हर सामान का ब्योरा अंकित हो रहा है। मजदूरों को आधार कार्ड से ही प्रवेश दिया जा रहा है। हर बाहरी वाहन की भी एंट्री हो रही है।
मुख्य सुरक्षा अधिकारी प्रो. सुनील त्रिवेदी ने बताया कि विवि परिसर, आवासीय एवं हॉस्टल्स परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिसके तहत परिसर में काम करने वाले श्रमिकों का प्रवेश भी सख्त कर दिया है। अब मुख्य गेट पर आधार कार्ड दिखाने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। बाहरी वाहनों का प्रवेश तभी हो रहा है जब गाड़ी के नंबर और चालक का नाम व फोन नंबर अंकित हो रहा है। उन्होंने बताया छात्र-छात्राओं के हॉस्टल में आने वाले ऑनलाइन सामान की स्क्रीनिंग की जा रही है। न सिर्फ सामान भेजने वाले एजेंसी बल्कि उसके पैकेट पर लिखे प्रोजेक्ट का नाम अंकित हो रहा है। इसके साथ ही सामान मंगाने वाले विद्यार्थी का नाम भी दर्ज किया जा रहा है। वहीं, आवासीय क्षेत्र में भी बेधड़क प्रवेश वर्जित कर दिया है। गार्ड के संबंधित शिक्षक अथवा कर्मी से फोन पर बात करने के बाद ही जाने की इजाजत मिल रही है। डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि रात के समय सुरक्षा गार्ड की सघन पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। ब्यूरो
