झांसी। बुंदेलखंड विवि के समता छात्रावास में रविवार देर शाम मेस के शुल्क बढ़ाने की अफवाह पर छात्राएं भड़क गईं। उन्होंने खाने की गुणवत्ता को लेकर भी विरोध जताया। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत किया।
छात्राओं के बीच अफवाह फैली थी कि विवि प्रशासन मेस का शुल्क करीब तीन हजार रुपये बढ़ाने जा रहा है। इस पर उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। वर्तमान में मिल रहे खाने की गुणवत्ता पर भी छात्राओं ने आपत्ति जताई। विवि प्रशासन को जानकारी मिलते ही अधिकारी छात्रावास पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि मेस के दर बढ़ाने की कोई बात नहीं है। इसके बाद छात्राएं शांत हो गईं। वहीं, छात्राओं के विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
बताते चले विवि के महिला छात्रावासों की मेस में खाने की गुणवत्ता सुधारने की बात कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने दीक्षांत समारोह में भी कही थी। उन्होंने कुलपति से गुणवत्ता सुधारने को कहा था। बावजूद इसके, हालात जस के तस बने हुए हैं।
कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मेस के दर बढ़ाने की अफवाह गलत थी। उन्होंने छात्राओं को यह बात स्पष्ट कर दी, जिसके बाद वे शांत हो गईं।
