मथुरा. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी आध्यात्मिक यात्रा पर भगवान श्रीकृष्ण की पावन नगरी मथुरा-वृंदावन पहुंचे हैं. उनकी यह दौरा खास तौर पर पवित्र गोवर्धन परिक्रमा के लिए है. ब्रजभूमि पहुंचते ही वे पूरी तरह कृष्ण भक्ति के रंग में रंगे नजर आए. उनके आगमन की खबर मिलते ही गोवर्धन और वृंदावन के मंदिरों व परिक्रमा मार्ग पर भारी उत्साह देखने को मिला. स्थानीय प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए.
अनंत अंबानी ने रात के समय पैदल ही गोवर्धन परिक्रमा की शुरुआत की
गोवर्धन पहुंचने के बाद अनंत अंबानी सबसे पहले जतीपुरा स्थित प्रसिद्ध गोवर्धन गिरिराज मुखारबिंद मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ गिरिराज महाराज के दर्शन और पूजन किए. इसके बाद वे गिरिराज महाराज की दिव्य श्रृंगार आरती में शामिल हुए और भक्तिभाव से शीश नवाया. श्रृंगार आरती संपन्न होने के पश्चात अनंत अंबानी मदन मोहन जी मंदिर पहुंचे. वहां दर्शन-पूजन के उपरांत मंदिर के सेवायत ने उन्हें विशेष आशीर्वाद दिया और उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की. मंदिर परिसर में उनकी सादगी और गहरी श्रद्धा ने वहां मौजूद भक्तों का दिल जीत लिया.
भगवा कुर्ता और पीली पगड़ी पहन रात में शुरू की पैदल परिक्रमा
गिरिराज महाराज की पूजा-अर्चना और दर्शन के बाद अनंत अंबानी ने रात के समय पैदल ही गोवर्धन परिक्रमा की शुरुआत की. इस दौरान उनका पारंपरिक और आध्यात्मिक अंदाज देखने लायक था. चमकदार भगवा रंग का कढ़ाईदार कुर्ता-पायजामा और सिर पर पीली पगड़ी बांधे वे पूरे उत्साह के साथ परिक्रमा मार्ग की रेलिंग के किनारे आगे बढ़ते दिखे. चारों ओर गूंजते ‘राधे-राधे’ और श्रीकृष्ण के सुमधुर भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया. परिक्रमा के दौरान उनके चारों तरफ सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों, निजी गार्डों और स्थानीय पुलिस का कड़ा घेरा मौजूद रहा. रात की रोशनी में परिक्रमा मार्ग पर चलते अनंत अंबानी की झलक पाने और इस पल को कैमरे में कैद करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु व मीडियाकर्मी भी साथ चलते नजर आए.
विज्ञापन
क्यों इतनी खास मानी जाती है गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा?
भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों के बीच पवित्र गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा का अत्यधिक धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है. हिंदू परंपरा और पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में जब ब्रजवासियों पर मूसलाधार बारिश का प्रकोप आया था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं गोवर्धन पर्वत को उठाकर समस्त ब्रजवासियों की रक्षा की थी. तभी से इस पावन पर्वत की परिक्रमा को अत्यंत पुण्यदायी और मनोकामना पूर्ण करने वाली माना जाता है. मान्यता है कि सच्चे मन से गिरिराज जी की शरण में आकर परिक्रमा करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है.
रात्रि विश्राम के बाद कल सुबह बिहारीजी के दर्शन, फिर जाएंगे आगरा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रात में गिरिराज जी की परिक्रमा पूरी करने के बाद अनंत अंबानी रात्रि विश्राम करेंगे. इसके पश्चात अगले दिन सुबह वे वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध बिहारीजी मंदिर पहुंचेंगे, जहां ठाकुर जी के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे. उनके प्रस्तावित दौरे को देखते हुए मंदिर क्षेत्र में भी सुरक्षा व व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं. बिहारीजी मंदिर में दर्शन-पूजन संपन्न होने के बाद वे आगे की यात्रा के लिए आगरा रवाना हो जाएंगे.
