कांग्रेस के सामाजिक न्याय और भागीदारी सम्मेलन में सोमवार को मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अब मतदाता चुन रही है लेकिन ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए कि सरकार ही तय करे कि कौन मतदाता होगा। अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल सेवा संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में बघेल ने कहा कि जाति जनगणना से समाज के सभी वर्गों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति की वास्तविक जानकारी सामने आएगी।
राहुल गांधी ने सामाजिक न्याय को नए तरीके से सामने रखा है। उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली का जिक्र करते हुए कहा कि अगर वोट सुरक्षित नहीं रहेगा तो लोकतंत्र भी सुरक्षित नहीं रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस ने सभी को मतदान का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया है और आज इस अधिकार की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।
पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद ने कहा कि वर्तमान सरकार दलित, शोषित, वंचित और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को कुचल रही है, जिसका जवाब उत्तर प्रदेश की जनता चुनाव में देगी। कार्यक्रम से पूर्व नेताओं ने स्वराज भवन में समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बिजली घर चौराहा स्थित शंकरलाल मेमोरियल हॉल में प्रयाग जोन की संगठनात्मक समीक्षा बैठक हुई।
इस दौरान कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, महानगर अध्यक्ष फुजैल हाशमी, मनोज यादव, पूर्व विधायक विजय प्रकाश, देवेंद्र निषाद, मुकुंद तिवारी, हसीब अहमद के अलावा किसान मजदूर मंच के अध्यक्ष नारायण सिंह पटेल भी मौजूद रहे।
