
लखनऊ के गोमतीनगर के विशेषखंड में बृहस्पतिवार सुबह दो मंजिला मकान में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया। विशेषखंड स्थित दो मंजिला मकान में बीना अग्रवाल परिवार संग रहती हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:15 बजे उनके मकान में आग लग गई। धुएं के कारण हुई घुटन से परिवार की आंख खुल गई। किसी तरह से सभी चीखते हुए बाहर भागे। घटना की जानकारी दमकल को दी गई। मौके पर दो गाड़ियों के साथ एफएसओ गोमतीनगर सुशील यादव पहुंचे। उनकी टीम ने तीन घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
